बजट सत्र की तैयारियों के चलते हरियाणा विधान सभा का स्टाफ सक्रिय | — चंडीगढ़, 3 फरवरी

हरियाणा सरकार की ओर से 20 फरवरी से बजट सत्र बुलाए जाने की घोषणा की है। हालांकि विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार को वहां से वीडियो कॉल पर विधान सभा के अधिकारियों से बात कर सत्र की समुचित तैयारियां करने के निर्देश दिए। इसके बाद विधान सभा का पूरा स्टाफ बजट सत्र की तैयारियों में जुट गया है।

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण चाहते हैं कि सत्र की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधान सभा सचिवालय की सभी शाखाएं अपने-अपने कार्यों में जुटे ताकि समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां मुकम्मल की जा सके। उनके निर्देशों के बाद विधान सभा सचिवालय 20 फरवरी से प्रस्तावित बजट सत्र की तैयारियों में जुट गया है। गौरतलब है कि बजट सत्र साल का सबसे लंबी अवधि का सत्र रहता है।