हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन सोमवार को संसदीय प्रणाली में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों का ब्यौरा सदन में रखा। उन्होंने कहा कि इन संसदीय गतिविधियों और सुधारात्मक प्रयासों का उद्देश्य संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी सुधार और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करना है। सोमवार को हरियाणा विधान सभा का शीतकालीन सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित हो गया। इस मौके पर हरियाणा के राज्यगीत और राष्ट्रगान का वादन किया गया।
विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि 11 से 13 सितम्बर, 2025 तक कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट कॉन्फ्रेंस, इंडिया रीजन के 11वें सम्मेलन में भाग लेने का अवसर मिला। 26 और 27 सितम्बर को विधायी प्रक्रियाओं को अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से लेजिस्लेटिव ड्राफ्टिंग पर हरियाणा विधान सभा तथा राज्य सरकार के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोक सभा की संस्था आईसीपीएस के सहयोग से प्रशिक्षण दिया गया।
5 से 12 अक्तूबर, 2025 तक बारबाडोस के ब्रिजटाउन में आयोजित 68वें कॉमनवेल्थ संसदीय सम्मेलन में उपाध्यक्ष और हरियाणा विधान सभा सदस्यों के साथ भाग लेने का अवसर मिला। इस सम्मेलन से अंतरराष्ट्रीय संसदीय अनुभव और सर्वोत्तम विधायी परंपराओं को समझने में सहायता मिली।
नवंबर माह में राज्यपाल महोदय के साथ गुजरात में नर्मदा तट पर ‘भारत पर्व 2025 कार्यक्रम’ में भाग लिया। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में हुआ, जिसका उद्देश्य ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सुदृढ़ करना तथा भारत की संस्कृति, खान-पान, शिल्प और पर्यटन को बढ़ावा देना था।
10 नवंबर को हरियाणा विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नियमित प्रशिक्षण हेतु क्षमता निर्माण योजना लांच की। इसके अंतर्गत हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) के सहयोग से विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण आयोजित किए गए। इस प्रशिक्षण से पूर्व सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्री-इवेल्यूएशन टेस्ट हुआ। वर्ग ए एवं बी अधिकारियों के लिए गुरुग्राम स्थित हिपा में 3 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। वर्ग सी और डी कर्मचारियों के लिए पंचकूला स्थित हिपा केंद्र में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। सुरक्षा कर्मियों और ड्राइवरों एवं सहायक स्टाफ के लिए भी पंचकूला के हिपा केंद्र में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
बेस्ट प्रेक्टिस के आदान-प्रदान तथा अन्य विधान सभाओं की कार्यवाही देखने के उद्देश्य से विभिन्न विधान सभाओं का भी दौरा किया गया। उत्तराखंड विधान सभा में 24 नवम्बर 2025, गोवा विधान सभा का 27 नवम्बर 2025 को, मध्य प्रदेश विधान सभा का 4 दिसम्बर 2025 को दौरा किया गया।
इन दौरों के दौरान अन्य विधान सभाओं की कार्यप्रणाली को समझने और सीखने का अवसर मिला है। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सदन में 15वीं हरियाणा विधान सभा के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रकाशित पत्रिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “सदन संदेश” का विमोचन गत 2 दिसम्बर को किया गया। उन्होंने कहा कि 10 दिसम्बर को हरियाणा विधान सभा के सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल ने भारत की संसद का भ्रमण किया। इस दौरान लोक सभा की कार्यवाही देखने सहित, संविधान सदन, पुस्तकालय आदि का अवलोकन किया गया। इस मौके पर सभी सदस्यों ने महान संविधान की मूल प्रति के भी दर्शन किए। विस अध्यक्ष ने बताया कि इस दौरान माननीय उपराष्ट्रपति महोदय श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी से भेंट हुई। उन्होंने वर्ष 2026 में हरियाणा विधान सभा आने की सहमति दी है। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से भी भेंट हुई।
सोमवार को पुरःस्थापित, विचार तथा पारित किए जाने वाला विधेयक:
- हरियाणा विनियोग (संख्या 4) विधेयक, 2025
सोमवार को विचार तथा पारित किए जाने वाले विधेयक:
- हरियाणा तकनीकी शिक्षा अतिथि संकाय (सेवा की सुनिश्चितता) संशोधन विधेयक, 2025
- हरियाणा आवासन बोर्ड (संशोधन) विधेयक, 2025
- हरियाणा निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2025
- हरियाणा आबादी देह (स्वामित्व, अधिकारों का निहितीकरण, अभिलेखन और समाधान) विधेयक, 2025
- हरियाणा दुकानात तथा वाणिज्यिक प्रतिष्ठान (संशोधन) विधेयक, 2025
- हरियाणा अनुसूचित सड़क तथा नियंत्रित क्षेत्र अनियमित विकास निर्बन्धन (संशोधन) विधेयक, 2025
- हरियाणा जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक, 2025


