संसद भ्रमण के साथ सम्पन्न हुआ राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय सम्मेलन, हरियाणा की मेज़बानी की सभी प्रतिनिधियों ने की जम कर तारीफ़ | — चंडीगढ़ , 5 जुलाई

हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में गुरुग्राम में सम्पन्न हुए राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने वाले देश भर के शहरी स्थानीय निकायों के अध्यक्षों ने शुक्रवार शाम देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंच नई और पुरानी संसद का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने म्यूजियम देखा और सेंट्रल हॉल में लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण एवं उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा भी मौजूद रहे।

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आयोजन की ज़िम्मेदारी हरियाणा विधान सभा को देने पर लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का जताया आभार। साथ ही राष्ट्रीय शहरी निकाय सम्मेलन की बेहतरीन व्यवस्था के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व सरकार की प्रशंसा की। कल्याण ने अच्छी व्यवस्थाओं के लिए ज़िला प्रशासन, शहरी निकाय विभाग, पुलिस विभाग, सूचना एवं जन संपर्क विभाग व हरियाणा विधानसभा के अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत को भी सराहा।

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष श्री ओेम बिरला ने उक्त प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे यहां से अपने क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद करने और उनकी अपेक्षाओें और आकांक्षाओं को पूरा करने का संकल्प लेकर जाएं।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि शहरी स्थानीय निकायों के अध्यक्षों के दो-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन संवाद के दौरान देश भर से आए भागीदारों ने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में अपने विचार रखे। माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी की विशेष इच्छा थी कि माइक ज़्यादा से ज़्यादा महिलाओं के हाथों में पहुंचाया जाए। एक-एक कर के धरातल से जुड़ी महिलाओं की आवाज़, उनके विचार और उनके अनुभव सदन में गूंजने लगे। उस क्षण यह केवल एक संवाद नहीं, एक मिसाल बननी शुरू हुई, जिसने सभी के हृदय को छू लिया।

एक महिला प्रतिभागी ने कहा कि जिस देश में महिलाओं का इतिहास अति-संघर्षपूर्ण रहा हो, उस देश में छोटे से शहर से आई महिला प्रतिनिधि, देश की सबसे बड़ी पंचायत ‘संसद भवन’ में खड़े होकर निडरता से अपनी बात रख रही हूं, यह अवसर अविस्मरणीय है। वहीं दूसरी महिला प्रतिभागी ने कहा कि सम्मेलन में ऐसा लगा मानो देश के अलग-अलग कोनों से फूल चुनकर एक गुलदस्ता तैयार किया गया जिससे मन गौरवान्वित हो गया। एक महिला प्रतिभागी ने कहा कि जो सीखने, नवविचार साझा करने तथा नेतृत्व-निर्माण का अवसर इस सम्मेलन द्वारा सभी प्रतिभागियों को मिला, उनकी इच्छा है कि यह धरातल से जुड़े हर उस व्यक्ति को मिले जो देश में जन-सेवा में अपना योगदान दे रहा है। वहीं एक महिला प्रतिभागी ने अपने नगर निगम को भारत का सर्वश्रेष्ठ नगर निगम बनाने का प्रण लिया।

विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने इस सम्मेलन के सभी प्रतिभागियों का हरियाणा की भूमि पर पधारने के लिए अभिवादन किया। साथ ही अपने शहरों के विकास हेतु सार्थक और सीख से भरपूर कार्यशैली की शुभकामनाएं दीं।