हरियाणा विधान सभा के प्रथम और द्वितीय श्रेणी अधिकारियों का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर प्रशिक्षण पूरा हो गया। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के प्रयास से आयोजित यह तकनीकी प्रशिक्षण हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान के पंचकूला के सेक्टर-25 स्थित केंद्र में वीरवार और शुक्रवार को आयोजित 4 सत्रों में करवाया गया।
इस प्रशिक्षण के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान एआई को सीखने के तौर तरीके और नैतिकता संबंधी मापदंडों के बारे में पढ़ाया गया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग की मूलभूत अवधारणाओं को परिभाषित करते हुए शासन और सार्वजनिक सेवाओं में एआई के विभिन्न अनुप्रयोगों की पहचान करने के तौर तरीके भी बताए गए। सुपरवाइज्ड, अनसुपरवाइज्ड और रीइन्फोर्समेंट लर्निंग के बीच अंतर स्पष्ट किया गया तथा एआई के विकास और उपयोग से जुड़े नैतिक सिद्धांतों पर भी स्पष्टता बढ़ाई गई। इसके तहत निष्पक्षता और पारदर्शिता का विश्लेषण करने पर जोर दिया गया। सार्वजनिक क्षेत्र की चुनौतियों को हल करने के लिए एआई की क्षमता का सदुपयोग करने के विधियां भी बताई गईं।
यह क्षमता निर्माण कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजिन ‘विकसित भारत 2047’ के मद्देनजर करवाया गया है। बता दें लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण अधिकारियों को नवीनतम तकनीकों से लैस करने के लिए प्रयासरत हैं।


