विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने समितियों के चेयरपर्सन्स के साथ की बैठक; विधान सभा समितियों को प्रभावशाली और जनकेंद्रित बनाने के निर्देश | — चंडीगढ़, 18 मई

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सोमवार को विधान सभा की समितियों के चेयरपर्सन्स के साथ बैठक की। बैठक में समितियों को और अधिक प्रभावशाली तथा जनकेंद्रित बनाने पर जोर दिया गया।

विधान सभा अध्यक्ष ने समितियों की कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ बनाने के लिए अनेक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि समितियों की बैठकों से पहले एजेंडे पर एडवांस योजना बनाएं। एजेंडे पर एडवांस योजना तैयार करने के बाद बैठक के लिए एडवांस तैयारी करें। इस दौरान उन्होंने बैठकों के बाद प्रभावी रिपोर्टिंग व समितियों द्वारा दी जाने वाली सिफारिशों पर प्रभावी फालोअप करने पर भी जोर दिया।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि समितियों का प्रभावी ढंग से कार्य करना जरूरी है। समितियां विधान सभा सचिवालय, प्रदेश सरकार तथा कैग के बीच तालमेल बैठाएं। सरकार के संबंधित विभागों की ओर से समय पर जवाब मंगवाना सुनिश्चित करें।

विस अध्यक्ष कल्याण ने कहा कि समितियों की बैठकों में सदस्यों की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने सभी चेयरपर्सन को आश्वासन दिया कि विधान सभा सचिवालय समितियों को हर प्रकार की सहयता करने में सक्षम है। यहां के संसाधनों का भरपूर सदुपयोग करें।

उन्होंने कहा कि कमेटियों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करके ही प्रशासन को विधायिका के प्रति उत्तरदायी सुनिश्चित किया जा सकता है। हमारी संवैधानिक लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधायिका और कार्यपालिका एक दूसरे की प्रतिद्वंद्वी न होकर एक दूसरे की सहयोगी संस्थाएं हैं। दोनों संस्थाओं का मूल उद्देश्य जन हित को साधना है। इस उद्देश्य की पूर्ति में विधान सभा की कमेटियां सबसे प्रभावी उपकरण हैं।

बैठक में विधान सभा उपाध्यक्ष एवं आवास समिति तथा जन स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली तथा लोक निर्माण (भवन तथा सड़कें) सम्बन्धी विषय समिति के सभापति डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, लोक लेखा समिति के सभापति चौ. आफताब अहमद, प्राक्कलन समिति के सभापति प्रमोद कुमार विज, लोक उपक्रमों संबंधी समिति के राम कुमार गौतम, अनुसूचित जातियों, जन जातियों तथा पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए गठित समिति के सभापति विधायक भगवान दास, सरकारी आश्वासनों के बारे में समिति के सभापति विधायक भारत भूषण बत्तरा, अधीनस्थ विधान समिति के सभापति कृष्णा गहलावत, याचिका समिति के सभापति विनोद भ्याणा, स्थानीय निकायों तथा पंचायती राज संस्थाओं सम्बन्धी समिति के सभापति मूलचंद शर्मा, शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाएं सम्बन्धी विषय समिति के सभापति लक्ष्मण सिंह यादव, प्रदूषण तथा पर्यावरण सम्बन्धी समिति के सभापति राम कुमार कश्यप, युवा कल्याण व युवा मामलों सम्बन्धी समिति के सभापति मनमोहन भड़ाना, विशेषाधिकार समिति के सभापति विधायक घनश्‍याम दास, महिला सशक्तीकरण विषयक समिति की सभापति शक्ति रानी शर्मा मौजूद रहे।