सीपीए नॉर्थ जोन सम्मेलन को लेकर विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण सक्रिय, दोनों राज्यों के राज्यपालों को दिया आमंत्रण; पंजाब विधान सभा अध्यक्ष संधवां से भी हुई चर्चा | — चंडीगढ़, 4 जून

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के उत्तर भारत क्षेत्र के जोन-2 सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस क्रम में उन्होंने हरियाणा एवं पंजाब के राज्यपालों से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें सम्मेलन में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

बुधवार देर शाम हरियाणा लोक भवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात के दौरान विस अध्यक्ष ने सम्मेलन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाना, संसदीय परंपराओं को मजबूती प्रदान करना तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य में लोकतंत्र की भूमिका पर सार्थक विमर्श को बढ़ावा देना है।

इसके बाद हरविन्द्र कल्याण ने पंजाब विधान सभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां से भी शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं के बीच सम्मेलन में सहभागिता के साथ-साथ संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी नवाचारों और विभिन्न व्यवस्थागत विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।

वीरवार को पंजाब लोक भवन में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से भेंट कर उन्हें भी सम्मेलन का आमंत्रण दिया गया। राज्यपाल कटारिया ने सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पीठासीन अधिकारियों, विधायकों और विधान मंडलों के कार्य निर्वाहकों को नई दृष्टि, मार्गदर्शन तथा अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र का उत्तर जोन-2 सम्मेलन 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के पीठासीन अधिकारी, विधायक एवं संसदीय विशेषज्ञ लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।